तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – इब्राहिम खान
दुद्धी, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के पतरिहा गांव में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से सौ मीटर दूर अधेड़ महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके पर घटना से जुड़ी सभी बिंदुओं का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। जानकारी के मुताबिक पतरिहा गांव निवासी लखपतिया देवी (46 वर्ष) पत्नी स्व० अशर्फी भुइंया शाम को घर से बस्ती की ओर निकली थी। मृतका के छोटे बेटे शंख ने बताया कि रात में उसके न लौटने पर आसपास के घरों में पता किया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली और रविवार को सुबह छ: बजे उसका शव घर के पीछे झरिया नाले के पास संदिग्ध परिस्थितियों में देखा गया। उसने कहा कि रात में किसी ने उसकी हत्या कर दी है। मौके पर पहुंची तीन सदस्यीय फोरेंसिक टीम ने मौके का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। जांच दल ने बताया कि महिला के शरीर में कई स्थानों पर गहरे जख्म और गर्दन पर काले निशान से उसके साथ मारपीट करने की आशंका प्रबल दिखाई दे रही है। प्रथम दृष्टया महिला के साथ दुष्कर्म होने की आशंका भी जताई है। फोरेंसिक टीम में विकास कुमार हेड कांस्टेबल, भैया लाल तथा आनंद कुमार शामिल रहे। विंढमगंज थाना प्रभारी अरविंद गुप्ता ने बताया कि मृतका के बेटे ने इस संबंध में तहरीर दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई की जाएगी।






