इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान से डेढ़ लाख की चोरी व्यापारी में दहशत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी 

(सोनभद्र)विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महुली बाजार में बीती रात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को निशाना बनाकर बड़ी सेंधमारी की घटना को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल फोन, चार्जर, ईयरफोन, एलईडी बल्ब समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और नकदी सहित लगभग डेढ़ लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय व्यापारियों में भय व आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुली निवासी प्रमोद कुमार पुत्र भगवानदास गुप्ता की महुली बाजार में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकान है। बताया गया कि 8 नवंबर 2025 की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब सात बजे जब व्यापारी प्रमोद कुमार दुकान पर पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि ताला टूटा हुआ है और अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा है। दुकान की तलाशी लेने पर उन्होंने पाया कि करीब 1,50,000 रुपये की कीमत के कई मोबाइल फोन, चार्जर, ईयरफोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और नकदी गायब है।व्यापारी ने तत्काल इसकी सूचना विंढमगंज पुलिस को दी और थाना पहुंचकर तहरीर दी। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि इस चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बहुत कमजोर है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं।महुली बाजार के अन्य व्यापारियों ने भी इस चोरी की घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि विगत कुछ महीनों से इलाके में छोटी-बड़ी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाए।सूचना मिलने के बाद विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाकर आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस का कहना है कि दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Comment