तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र राबर्ट्सगंज पूर्वांचल राज्य के गठन की मांग को लेकर सक्रिय संगठन पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा अब क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को लेकर भी मुखर है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट पवन कुमार सिंह ने सोनभद्र जनपद मुख्यालय राबर्ट्सगंज की सड़कों की खराब स्थिति को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है।उन्होंने कहा कि कीर्ति पाली क्लीनिक से लेकर बढ़ौली चौराहे तक सड़क की दशा बेहद दयनीय हो गई है। जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और धूल उड़ने से स्थानीय नागरिकों, राहगीरों व दुकानदारों को भारी परेशानी हो रही है। सड़क की सतह से गिट्टियां उखड़ जाने के कारण अक्सर दोपहिया वाहन फिसल कर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।एडवोकेट सिंह ने बताया कि धर्मशाले चौराहे से चंडी होटल तक पश्चिम दिशा की सर्विस लेन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस मार्ग पर दिनभर भारी भीड़ रहती है, जिससे लोगों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था स्थिति को सुधारने के बजाय खानापूर्ति कर रही है। केवल पानी छिड़ककर और गिट्टी डालकर कार्य को पूरा दिखा दिया गया है, लेकिन पहली बारिश ने सारी सच्चाई उजागर कर दी। बारिश के चलते गिट्टी बह गई और सड़क पहले से भी अधिक खराब हो गई।जनमोर्चा के नेताओं ने कहा कि कुछ माह पहले मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे, परंतु घटिया निर्माण व लापरवाही के कारण सड़क फिर से जर्जर हो गई है। आए दिन छोटे-बड़े वाहनों के फिसलने की घटनाएं आम हैं और हादसे का खतरा बना रहता है।पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा ने उत्तर प्रदेश सरकार, लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग उठाई है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क और सर्विस लेन की मरम्मत शुरू नहीं की गई तो जनमोर्चा चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।






