तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। डाला-चोपन थाना क्षेत्र के परास पानी के पास गुरुवार की शाम दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शाम करीब साढ़े छह बजे शंभू आईटीआई कॉलेज के आगे मोड़ पर हुआ, जब डाला की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे साइकिल सवार से टकरा गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मानें तो हादसे में साइकिल सवार राहुल गोंड (15 वर्ष) पुत्र विजय निवासी बसुधा कोटा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार परास पानी निवासी सुरेंद्र उर्फ सोनू कुमार (28 वर्ष) पुत्र स्व. अशोक और जोगेंद्र (20 वर्ष) पुत्र अमर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर तत्काल डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अपने वाहन से चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का उपचार जारी है।मृतक राहुल अपने मामा सरजू पुत्र स्व. अगर शाह, निवासी परास पानी, के यहां रहकर कक्षा 9 में पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार को वह घर से पाही जाने के लिए साइकिल से निकला था, तभी यह हादसा हो गया।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और मोड़ पर चेतावनी बोर्ड लगवाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे रोके जा सकें।






