तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र शक्तिनगर। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के दोनों पैर कट गए। घटना बीना बस स्टैंड के पीछे रेलवे लाइन पर हुई, जिसने क्षेत्रवासियों को दहला दिया।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि लगभग 2 बजकर 50 मिनट पर कृष्णशीला रेलवे स्टेशन मास्टर ने बीना पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने बताया कि शक्तिनगर से कृष्णशीला स्टेशन की ओर जा रहे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन से कट गया है और वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है।सूचना मिलते ही बीना पुलिस चौकी प्रभारी तत्काल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय राहुल दुबे पुत्र स्व. मंगल दुबे, निवासी क्वार्टर नंबर 368, बीना कॉलोनी, ग्राम जमशीला के रूप में हुई। मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से घायल राहुल दुबे को एम्बुलेंस से तत्काल दिबुलगंज अस्पताल भेजा गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय रेलवे लाइन के आस-पास कोई भी मौजूद नहीं था। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक उस समय रेलवे ट्रैक पर कैसे और क्यों पहुंचा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न पहलुओं की छानबीन कर रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा दुर्घटनावश हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। इस घटना से बीना कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में शोक और चिंता का माहौल है।






