तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र हाथीनाला थाना क्षेत्र के रानीताली इलाके में गुरुवार की सुबह एक बेहद भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक टैंकर और भैंसों से भरी पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई। यह घटना ककरोहिया पुलिया के पास हुई, जहां पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में पिकअप पर लदी पांच भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गईं।मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर हाथीनाला से डाला की ओर भैंसों को लेकर जा रहा था। ककरोहिया पुलिया के पास ओवरटेक करते समय पिकअप की टैंकर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि पिकअप अपनी दिशा बदलकर सड़क पर पलट गया।इस दुर्घटना के बाद टैंकर और पिकअप के चालक और स्टाफ मौके से फरार हो गए। दुर्घटना स्थल पर खून से लथपथ और घायल भैंसों को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।हाथीनाला पुलिस की टीम सूचना मिलते ही तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने घायल भैंसों को राहत पहुंचाने तथा वहाँ बचाव कार्य शुरू किया। घायल पशुओं को जल्द से जल्द इलाज के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।इस हादसे से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है और वे पुलिस से दुर्घटना के कारणों की जांच कर दोषियों को सख्त कार्रवाई के लिए मांग कर रहे हैं। पुलिस भी फरार चल रहे चालक की तलाश में जुट गई है।






