सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत, बाइक सवार गंभीर घायल

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र अंतर्गत गोठानी इलाके में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो सवार 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोठानी मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण एक ऑटो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी
वहीं इस दुर्घटना में बाइक चला रहा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया हादसे की सूचना मिलते ही जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोठानी क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। संकरी सड़क, तेज रफ्तार वाहन और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी हादसों की बड़ी वजह बन रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण, संकेतक बोर्ड और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Comment