पुलिस गश्त पर उठे सवाल, पीड़ित परिवार सदमे में

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।चोपन थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने घर के आंगन से नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल चुरा ली। यह घटना 19 दिसंबर 2025 की रात से 20 दिसंबर 2025 की भोर के बीच की बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पीड़ित राकेश पुत्र नंदलाल ने चोपन थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UP 64 BB 7572 उनके घर के आंगन में खड़ी थी। राकेश के अनुसार, 19 दिसंबर की रात करीब 11 बजे तक घर में दो मोटरसाइकिलें सुरक्षित खड़ी थीं। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए।सुबह करीब 4 बजे जब घर के आंगन में नजर गई तो नई अपाचे मोटरसाइकिल गायब थी। यह मोटरसाइकिल महज आठ महीने पहले ही खरीदी गई थी, जिससे परिवार को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का झटका लगा है।पीड़ित ने बताया कि चोरी के बाद आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मजबूरन चोपन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की रात्रि गश्त प्रभावी होती, तो चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय पुलिस की गश्त न के बराबर रहती है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
पीड़ित राकेश ने प्रशासन से जल्द से जल्द बाइक बरामद करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन सवाल यह है कि क्या चोरों तक पुलिस पहुंच पाएगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?ग्रामीण अब पुलिस की कार्रवाई पर टकटकी लगाए बैठे हैं।

Leave a Comment