तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
ओबरा (सोनभद्र)। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे बिल्ली मारकुंडी क्षेत्र के जरूरतमंद और आदिवासी परिवारों की समस्याओं को लेकर शनिवार को स्थानीय तहसील परिसर में आवाज बुलंद की गई। ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी के वार्ड संख्या 03 के सदस्य प्रतिनिधि एवं समाजसेवी गोविंद भारद्वाज के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में अलाव जलवाने और गरीबों को कंबल वितरण कराने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी अंतर्गत बारी मस्जिद, सेवा सदन से मां वैष्णो देवी मंदिर तथा बारी गांव का क्षेत्र लंबे समय से विकास कार्यों से उपेक्षित है। अत्यधिक ठंड के इस मौसम में आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवार ऐसे हैं जिनके पास ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त कपड़े या जैकेट तक खरीदने की आर्थिक क्षमता नहीं है और वे किसी तरह जीवन यापन कर रहे हैं।
समाजसेवी गोविंद भारद्वाज ने बताया कि यदि शीघ्र राहत कार्य नहीं किए गए तो ठंड के कारण गरीब एवं असहाय लोगों की समस्याएं और बढ़ सकती हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि सेवा सदन, लंगड़ा मोड़, दाढ़ी होटल, कोल बस्ती, आकाश गंगा होटल, मां वैष्णो देवी मंदिर, खन्ना कैंप, शिक्टहवा टोला, कोल बस्ती, शिव मंदिर बारी गांव, गोरदाह श्मशान घाट सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर तत्काल अलाव के लिए लकड़ी गिरवाई जाए तथा जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण सुनिश्चित कराया जाए।





