सोनभद्र में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: नशेड़ी ड्राइवरों का लाइसेंस रद्द, स्कूल वाहनों की होगी कड़ी जांच

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरन साहनी

सोनभद्र जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े जाने वाले ड्राइवरों के लाइसेंस तत्काल निरस्त कर दिए जाएं। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाने से दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है, इसलिए इस पर जीरो टॉलरेंस पॉलिसी अपनाई जाए।बैठक में तेज रफ्तार से चलने वाले लोडेड वाहनों की सघन जांच और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से चार पहिया वाहनों, ट्रकों और हाईवाओं पर स्पीड की निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया। भारी वाहनों की चेकिंग अभियान चलाने और बॉडी के ढांचे में परिवर्तन वाले वाहनों को सीज करने की बात कही गई। इसके अलावा, वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर यूपीएसआरटीसी द्वारा एम्बुलेंस और क्रेन की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों के वाहनों में क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को न बैठाया जाए। फिटनेस जांच सुनिश्चित करने और निर्धारित संख्या से अधिक बच्चों को ले जाते पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। एआरटीओ को गाड़ियों की फिटनेस समय-समय पर जांचने और ड्राइवरों की आंखों की जांच के लिए कैंप लगाने के निर्देश दिए गए।दुर्घटना प्रभावित क्षेत्रों के आसपास एम्बुलेंस की तैनाती बढ़ाने पर भी बल दिया गया। विंढमगंज-अनपरा मार्ग पर रेडियम लाइटें लगाने और ट्रॉमा सेंटर की सूचना वाले साइनेज बोर्ड स्थापित करने के आदेश दिए गए, ताकि दुर्घटना में घायल व्यक्ति आसानी से इलाज तक पहुंच सकें। कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय रिफ्लेक्टर का उपयोग अनिवार्य करने की बात कही गई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग से दुर्घटना प्रभावितों को नजदीकी बेहतर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा, जिससे समय पर इलाज मिल सके और जीवन बचाया जा सके।बैठक में सीओ श्रीमती चारू द्विवेदी, एआरटीओ श्री राजेश्वर यादव, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी शैलेश ठाकुर, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इन निर्देशों से सोनभद्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।

Leave a Comment