तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
बभनी (सोनभद्र)।
अम्बिकापुर–रेणुकूट मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। घने कोहरे की चादर में लिपटी सड़क पर वन विभाग रेंज कार्यालय के पास तेज रफ्तार पिकअप अचानक सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से मुर्गी के चूजे लेकर छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जा रही पिकअप सुबह करीब 5:30 बजे बभनी थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेत और बुझी पार्किंग लाइट के खड़ा था, जिससे कोहरे में पिकअप चालक को ट्रक दिखाई ही नहीं दिया।
हादसे में पिकअप चालक राकेश गुप्ता (निवासी मिर्जापुर) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए भेजा गया, जबकि खलासी चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कोहरे के मौसम में सड़क पर खड़े भारी वाहनों पर सख्ती बरती जाए और रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड व पेट्रोलिंग की व्यवस्था बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके।






