तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र।जनपद के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवा बालु साइड में अवैध बालू खनन का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। नियमों को ताक पर रखकर खनन माफिया दिन-रात नदियों से बालू का अवैध दोहन कर रहे हैं, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुँच रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी वैध पट्टे और अनुमति के जेसीबी मशीनों व नाव के माध्यम से बालू निकाली जा रही है। खनन कार्य के कारण नदी के किनारे कटान तेज हो गया है, जिससे आसपास के गांवों पर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार इसकी शिकायत संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि खनन माफियाओं को कहीं न कहीं प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते उनके हौसले बुलंद हैं।इस संबंध में जब चोपन थाना पुलिस से जानकारी ली गई तो अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं खनन विभाग का कहना है कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।अवैध बालू खनन से न केवल सरकारी राजस्व को भारी क्षति हो रही है, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी बिगड़ रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाता है।






