तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र | चोपन थाना क्षेत्र
चोपन थाना क्षेत्र के बर्दिया–सिन्दुरिया मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने शराब के नशे में धुत होकर सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। युवक ने सड़क के बीच खड़े होकर गुजर रहे हाईवा, ट्रक और टिपर को जबरन रोक दिया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक सड़क के बीच पहुंच गया और भारी वाहनों को आगे बढ़ने से रोकने लगा। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बताया जा रहा है कि युवक का आरोप था कि इस मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहन उसके खेतों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी बात को लेकर वह आपा खो बैठा और सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद युवक को शांत कराया। उनकी सूझबूझ से किसी बड़े विवाद या हादसे से पहले ही स्थिति पर काबू पा लिया गया। इसके बाद सड़क से जाम हटवाया गया और यातायात सामान्य किया गया।हालांकि इस घटना के चलते कुछ देर के लिए इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।






