ठंड और सर्पदंश से जीवन की रक्षा का संदेश, गांव-गांव पहुंची आपदा प्रबंधन की पहल

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र | 13 जनवरी 2026
जनपद में बढ़ती ठंड और सर्पदंश की लगातार सामने आ रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोनभद्र के तत्वावधान में मंगलवार को कोन ब्लॉक के नौडीहा ग्राम पंचायत में शीतलहर एवं सर्पदंश से बचाव को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर शीतलहर के प्रभाव, उससे होने वाले संभावित खतरों एवं बचाव के व्यावहारिक उपायों की विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि शीतलहर के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त गर्म कपड़ों का उपयोग करें, तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।इसके साथ ही सर्पदंश से बचाव को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, रात के समय बाहर निकलते समय टॉर्च का प्रयोग अवश्य करें, तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपायों के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराएं।इस जागरूकता अभियान में मास्टर ट्रेनर अनुज कुमार एवं सिकंदर प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने सरल और सहज भाषा में ग्रामीणों को आपदा से बचाव के जरूरी उपाय समझाए।
अभियान से प्रभावित ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम जीवन रक्षक सिद्ध होते हैं और इन्हें समय-समय पर सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित किया जाना चाहिये।

Leave a Comment