तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलैयाडिह में सोमवार को तेज रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक नज़ारा देखने को मिला, जब सड़क किनारे पैदल चल रही एक अधेड़ महिला टेलर चेसिस की चपेट में आ गई। हादसे में महिला का एक पैर बुरी तरह कुचल गया, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सलैयाडिह गांव निवासी कबूतरी देवी (उम्र लगभग 58 वर्ष), पत्नी गणेश यादव, रोज़ की तरह सड़क के किनारे पटरी से गुजर रही थीं। तभी पीछे से आ रहे एक भारी टेलर के चेसिस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेलर का चेसिस महिला के पैरों पर चढ़ गया, जिससे उनका एक पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। दर्द से कराहती महिला सड़क पर गिर पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त महिला पूरी सावधानी के साथ सड़क के एकदम किनारे चल रही थीं, बावजूद इसके पीछे से आ रहे वाहन चालक ने लापरवाही बरतते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर चीख-पुकार का माहौल बना रहा।
टेलर चेसिस के चालक सुभाष ने बताया कि वाहन टाटा कंपनी का है, जिसे जमशेदपुर से दिल्ली ले जाया जा रहा था। वहीं घायल महिला कबूतरी देवी ने स्पष्ट आरोप लगाया कि चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है, जबकि वह खुद पूरी तरह सतर्क थीं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र प्रसाद ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
सूचना पर मौके पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टेलर चेसिस और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया। वाहन को थाने लाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इस तरह की दर्दनाक घटनाएं लगातार होती रहेंगी।






