तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस पर विभिन्न समस्याओं से जुड़े 69 जन शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि एक मामले का टीम द्वारा समाधान सुनिश्चित किया गया।
समाधान दिवस का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने की। इसके पूर्व जिलाधिकारी ने तहसील के हर पटल का बारी-बारी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तहसील दिवस समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी खंड विकास कार्यालय परिसर पहुंचे। उन्होंने वहां समूह महिला एलआरएम कार्यालय ब्लॉक के मतदाता सूची की प्रगति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद ब्लॉक के हर पटल को बारी-बारी से देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्य में लापरवाही बरतने पर उन्होंने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
तहसील समाधान दिवस के दौरान ही जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह बिना पूर्व सूचना के दुद्धी थाने पहुंचे और पुलिस व्यवस्था की गहन पड़ताल की। इस अचानक निरीक्षण से थाना स्टाफ में हड़कंप मच गया। उन्होंने बैरक, कंट्रोल रूम, महिला हेल्प डेस्क से लेकर कार्यालय तक हर हिस्से का मुआयना किया। सफाई, अनुशासन व दुरुस्ती पर फोकस करते हुए फौरी सुधार के आदेश सुनाए। रजिस्टरों की जांच में भूमि विवाद व न्यायालय सहित आधा दर्जन से अधिक दस्तावेज चेक किए।
जिलाधिकारी ने पीड़ितों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने, प्रार्थना पत्रों का समय से निस्तारण की सख्त हिदायत दी ।उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों को मिशन शक्ति में सहृदय सहायता प्रदान करने तथा एंटी रोमियो स्क्वायड टीम को कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं बेटियों को जागरूक करने हेतु टीम को अलर्ट किया ।
जिलाधिकारी ने तहसील दिवस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष जन शिकायती प्रार्थना पत्रों का एक सप्ताह के अंदर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान गंभीरता से करना होगा, अन्यथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तहसील दिवस में जिले और तहसील स्तर के सभी अधिकारी मौजूद रहे।






