वासंतिक चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस मां शैलपुत्री की पूजा, मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। वासंतिक चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस बृहस्पतिवार को कस्बे व क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों व पूजा स्थलों पर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ की गई। प्रातःकाल से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कस्बे के मां काली मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, श्री संकटमोचन मंदिर, पंचदेव मंदिर, शिवाला शिव मंदिर, विष्णु मंदिर, रामनगर शिव मंदिर व हनुमान मंदिर आदि में श्रद्धालु नारियल, चुनरी, फूल, बताशे व अन्य पूजा सामग्री लेकर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन कर माता के जयकारे लगाए, जिससे मंदिर परिसर व आसपास का इलाका गुंजायमान हो उठा। प्राचीन हनुमान मंदिर व रामनगर हनुमान मंदिर में परंपरागत विशेष पूजा का आयोजन परम्परागत तरीके से किया गया।

नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना व घटस्थापना के साथ मां के विभिन्न रूपों की पूजा शुरू हुई। सुबह से देर शाम तक दर्शन-पूजन का सिलसिला चला। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि व कुशल मंगल की कामना की। छठे दिन मां काली की भव्य प्रतिमा का अनावरण होगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजक तन-मन-धन से जुटे हुए हैं।

वहीं सुरक्षा व्यवस्था बनाएं रखने के लिए चौराहों व पूजा स्थलों पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि जनता सुरक्षा में सहयोग करे और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दे।

Leave a Comment