जमीन विवादों पर गरजा प्रशासन, थाना समाधान दिवस में पुलिस-राजस्व टीमों का ताबड़तोड़ एक्शन

IMG-20260510-WA0005

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के सभी थानों में शनिवार को आयोजित “थाना समाधान दिवस” जनता की भीड़ और अफसरों की सख्ती के बीच पूरी तरह हाई-वोल्टेज मोड में नजर आया। सुबह से ही थानों पर फरियादियों की लंबी कतारें लग गईं, जहां लोग जमीन कब्जा, मारपीट, पारिवारिक विवाद और राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर पहुंचे। प्रशासनिक अमले ने भी इस बार ढीला रवैया छोड़कर ताबड़तोड़ कार्रवाई का संकेत दिया।
थाना रॉबर्ट्सगंज में पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने खुद फरियादियों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में डटे रहे और एक-एक मामले की गंभीरता से सुनवाई करते नजर आए।
समाधान दिवस के दौरान सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन और सीमांकन विवादों से जुड़ी रहीं। कई फरियादियों ने आरोप लगाया कि राजस्व और पुलिस विभाग के चक्कर काटते-काटते महीनों बीत गए, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। इस पर अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर विवाद निपटाने के निर्देश दिए। साफ कहा गया कि अब शिकायतकर्ता को दफ्तर-दफ्तर भटकना नहीं पड़ेगा और मामलों का समयबद्ध निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।
थानों में चल रही सुनवाई के दौरान कई मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझौता कराया गया, जबकि कुछ मामलों में मौके पर ही कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाई गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर कब्जा, जबरन निर्माण और दबंगई की शिकायत मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
आंकड़ों पर नजर डालें तो समाधान दिवस से पहले पुलिस विभाग से जुड़े 3 और राजस्व विभाग से संबंधित 84 मामले लंबित थे। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस विभाग से जुड़े 9 नए प्रार्थना पत्र सामने आए, जिनमें से 2 मामलों का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। वहीं राजस्व विभाग से जुड़े 157 नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 79 मामलों का मौके पर ही समाधान कर लोगों को बड़ी राहत दी गई।
बाकी लंबित मामलों को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि जनता की शिकायतों को अब हल्के में लेने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में आयोजित यह थाना समाधान दिवस आम जनता के लिए राहत भरा साबित हुआ, वहीं अफसरों के तेवर देखकर साफ संकेत मिल गया कि अब शिकायतों को दबाने या टालने वालों की खैर नहीं

About the Author

Leave a Reply