तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारदुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय तहसील के उपजिलाधिकारी कार्यालय के बाहर सोमवार को ग्राम फुलवार के प्रधान दिनेश यादव ने स्थानीय खेल मैदान पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की सुविधा के इस महत्वपूर्ण मैदान पर पिछले पांच वर्षों से अवैध कब्जे बढ़ते जा रहे हैं, जिससे युवाओं को खेलने की जगह नहीं मिल पा रही।
प्रधान दिनेश यादव ने कहा कि हमने तहसील के सम्पूर्ण समाधान दिवस पर कई ज्ञापन दिए। एसडीएम व तहसीलदार ने पैमाइश का आश्वासन दिया, लेकिन कार्रवाई शून्य रही। प्रशासन की इस लापरवाही से गांव के बच्चे-युवा प्रभावित हो रहे हैं। जब तक मैदान पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त नहीं होगा, धरना जारी रहेगा। उनके साथ अन्य ग्राम वासी एवं पूर्व बार अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव एडवोकेट व अन्य लोग भी धरने पर प्रधान के साथ बैठे रहे।
इधर, दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने कहा कि दुद्धी कस्बे से लेकर गांवों में अवैध अतिक्रमण का बोलबाला है। अगर फुलवार गांव से लेकर शहर तक अवैध कब्जे नहीं हटाए गए तो बार संघ आंदोलन में कूद सकता है, जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।
जानकारी के अनुसार, उपजिलाधिकारी निखिल यादव धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने मामले की जांच तेज करने का भरोसा दिलाया। श्री यादव ने कहा कि जांच पूरी होते ही उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि, ग्राम प्रधान ने कहा कि कई महीने से मामला चल रहा है, केवल आश्वासन मिल रहा है। अधिकारियों के आश्वासन पर कोई भरोसा नहीं है। जब तक मामले का समाधान नहीं होता, धरना जारी रहेगा।
जिले में भूमि अतिक्रमण के बढ़ते मामलों पर प्रशासन के रवैये पर सवाल खड़ा करता है।





