कोन में पेट्रोल-डीजल संकट गहराया, पांचों पंप खाली होने से लोग परेशान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)।विकास खंड कोन के सभी पांचों पेट्रोल पंपों पर ईंधन समाप्त होने से सोमवार सुबह से ही वाहन चालकों की लंबी कतारें लगी रहीं। पेट्रोल और डीजल की तलाश में लोग एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते रहे, लेकिन कहीं भी उन्हें राहत नहीं मिल सकी। अचानक उत्पन्न हुए इस संकट से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ी। जरूरी कार्य से बाहर निकले कई लोग पेट्रोल नहीं मिलने के कारण बीच रास्ते से वापस लौट गए। वहीं डीजल के अभाव में ट्रक, पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों के पहिए थम गए, जिससे परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित रही।
शादी-विवाह के मौसम में ईंधन संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बारात ले जाने वाले वाहन, जनरेटर तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। कई लोग गैलन और डिब्बा लेकर घंटों पेट्रोल पंपों पर इंतजार करते रहे, लेकिन तेल नहीं मिलने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। कुछ स्थानों पर लोगों ने आपूर्ति व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ती ईंधन समस्या से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। किसानों, व्यापारियों और यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

Leave a Comment