अधिवक्ता टीम को पछाड़ कर पत्रकार टीम ने की शानदार जीत की दर्ज क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – संजय चेतन

चोपन/सोनभद्र

ऑल इंडिया एससी-एसटी रेलवे एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AISC/STREA) चोपन की खेल शाखा द्वारा आयोजित फोर बाउंड्री नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को अधिवक्ता और पत्रकार टीम के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच में पत्रकार टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

रेलवे ग्राउंड चोपन में आयोजित इस मुकाबले के मुख्य अतिथि रेलवे के वरीय अनुभाग अभियंता (कार्य) आर.बी. पाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि डी.डी. न्यूज के जिला सवांददाता सुनील तिवारी उपस्थित रहे। मैच शुरू होने से पहले राष्ट्रगान का आयोजन किया गया, जिसके बाद खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर खेल का शुभारंभ किया। आयोजन समिति की इस पहल की खिलाड़ियों, दर्शकों और अतिथियों ने सराहना की। समिति के सदस्यों का कहना है कि राष्ट्रगान के साथ खेल की शुरुआत खिलाड़ियों में देशभक्ति और अनुशासन की भावना को मजबूत करती है। मुकाबले में अधिवक्ता टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पत्रकार टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 76 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अधिवक्ता टीम ने जीत के लिए भरसक प्रयास किया, लेकिन पत्रकार टीम के अनुशासित गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के सामने लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और टीम आल आउट हो गईं, परिणामस्वरूप पत्रकार टीम ने मैच जीतकर अगले चरण में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।

मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी जॉनी को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें मुख्य अतिथियों और आयोजन समिति द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चीफ टीएलसी वी.के.डी. द्विवेदी, एससी-एसटी सचिव मनीष कुमार,महेंद्र प्रसाद ,संतोष राम , सीएलआई अलीमुद्दीन, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अवधेश, समाजसेवी संजय जैन, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष महफूज आरिफ, सीएलआई सतेंद्र, डी.एन. महतो, हेल्थ इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह यादव, मनोज चौबे, बृजभान, विनीत ,, सोनू, विजय विश्वकर्मा, जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के मीडिया प्रभारी कमेंटटेटर शाकिब खान ने बताया कि प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें समाज के विभिन्न वर्गों और विभागों का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमों को शामिल किया गया है। यही वजह है कि यह आयोजन जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है और खेल प्रेमियों का भरपूर समर्थन प्राप्त कर रहा है। अंपायर की भूमिका में वाहिद हुसैन और रुपेश पासवान रहे, जबकि स्कोरर की सोनू ने भूमिका निभाई। वही पत्रकार टीम की जीत की ख़ुशी के पल को यादगार बनाते हुए डीडी न्यूज़ सवांददाता सुनील तिवारी ने खिलाडियों को लस्सी पिलाकर खुशी को दुगना कर दिया, सुनील तिवारी ने कहा चौथा स्तम्भ कहे जाने वाले पत्रकार लेखनी में माहिर होने के साथ खेल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बता दिया की टीम के तौर पर एक साथ मेहनत करने का नतीजा सकारात्मक ही होता है। उन्होने अगले चरण के लिए शुभकामनायें भी दी।

Leave a Comment