तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र।नमामि गंगे योजना के तहत लंबे समय से अधर में लटके पेयजल कनेक्शन कार्य को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। खबर सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों में हलचल तेज हो गई और क्षेत्र में रुके पड़े कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। कई महीनों से जल कनेक्शन की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों के घर अब विभागीय टीम पहुंच रही है और तेजी से कनेक्शन जोड़ने का काम किया जा रहा है।
क्षेत्र के कई गांवों और बस्तियों में पेयजल आपूर्ति शुरू न होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पाइपलाइन बिछने के बावजूद बड़ी संख्या में घरों तक कनेक्शन नहीं पहुंच पाया था, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही थी। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और अब घर-घर जाकर शेष परिवारों को योजना से जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
मौके पर पहुंची टीम द्वारा पाइपलाइन जांच, मीटर फिटिंग और कनेक्शन जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है। विभागीय कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पात्र परिवार का कनेक्शन लंबित न रहे। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद विभाग की सक्रियता दिखाई दे रही है और यदि इसी गति से कार्य चलता रहा तो जल्द ही लोगों को राहत मिल जाएगी।
प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद कुमार ने बताया कि नमामि गंगे योजना के अंतर्गत जिन घरों में अब तक पेयजल कनेक्शन नहीं हो पाया था, वहां तेजी से कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि योजना के तहत केवल कनेक्शन ही नहीं बल्कि नियमित और सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभाग की कोशिश है कि गर्मी के इस मौसम में लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े और हर घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
क्षेत्रीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब योजना धरातल पर पूरी तरह उतरती दिखाई देगी और वर्षों से जिस पेयजल सुविधा का इंतजार था, वह जल्द ही लोगों को मिलने लगेगी।





