तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय कुमार
सोनभद्र के बीजपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एनटीपीसी रिहंद की सोलर ऊर्जा परियोजना में काम कर रहे मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा है। मजदूरों ने आरोप लगाया है कि उन्हें पिछले करीब तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मजदूरों का कहना है कि परियोजना में कार्यरत विमैक्सो इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के तहत काम करने वाले श्रमिक लगातार वेतन भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें उनका मेहनताना नहीं मिल सका है। श्रमिकों के अनुसार ठेकेदार शिव कुमार ने भुगतान में देरी की वजह कंपनी से समय पर धनराशि न मिलना बताया है और जल्द वेतन दिलाने का भरोसा दिया है। हालांकि लंबे इंतजार के बाद अब मजदूरों का धैर्य जवाब देने लगा है।
वहीं मजदूरों ने भविष्य निधि यानी पीएफ को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि काम शुरू होने के बाद से अब तक उनके पीएफ की राशि जमा नहीं की गई। जब इस बारे में कंपनी से जानकारी ली गई तो उन्हें बताया गया कि अब से पीएफ जमा किया जाएगा। ऐसे में पहले की अवधि का पीएफ जमा हुआ या नहीं, इसे लेकर श्रमिकों में संशय और नाराजगी दोनों बढ़ गई है।

इतना ही नहीं, कुछ मजदूरों ने कंपनी परिसर में कथित चोरी की घटनाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका दावा है कि चोरी के मामलों में कुछ लोगों की भूमिका होने की चर्चाएं होती हैं, लेकिन आरोप मजदूरों और सुरक्षा गार्डों पर लगाए जाते हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिलहाल मजदूरों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बकाया वेतन का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने और पीएफ से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि मजदूरों की इन शिकायतों पर कंपनी प्रबंधन और प्रशासन क्या कदम उठाता है और कब तक श्रमिकों को उनका बकाया भुगतान मिल पाता है।





