आकाशीय बिजली की चपेट मे आने से भेड़ चरा रहे व्यक्ति की दर्दनाक मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार।थाना क्षेत्र के पालनगर निवासी राम अवतार पाल 65 वर्ष पिता स्व०महावीर पाल की मौत आकाशीय बिजली ठनका की चपेट में आने से हो गई।दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब मृतक मुकुंदपुर पंचायत के मायर टोले में अपनी भेड़ें चरा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार को राम अवतार पाल अपने भेड़ों के साथ मायर टोले के पास थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और ठनका गिर गया।जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी तब हुई जब भेड़ों को अकेला चरते देख अन्य चरवाहों को संदेह हुआ।उन्होंने खोजबीन शुरू की तो पास ही बांध पर मृतक का झुलसा हुआ शव मिला।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय एवं आसपास के गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए और परिजनों व पुलिस को इसकी जानकारी दी। केतार थाने के पुअनि आदित्य ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
हालांकि दुखद पहलू यह रहा कि शव को लाने के लिए समय पर वाहन उपलब्ध नहीं हो सका।जिसके कारण बुजुर्ग का शव काफी देर तक खुले खेत में ही पड़ा रहा।समाचार लिखे जाने तक वाहन नहीं मिलने से शव खेत में पड़ा रहा।

मौके पर पहुंचे पूर्व झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा निर्धारित सहायता राशि जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए। ताकि शोकाकुल परिवार को कुछ राहत मिल सके।घटना की सूचना पाकर केतार मुखिया प्रमोद कुमार, मुकुंदपुर मुखिया मूंगा साह,संजय पाल,राज किशोर सिंह,नागेन्द्र सिंह,महेंद्र सिंह,ब्रह्मदेव पासवान,अरुण पासवान,विवेक पाल सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment