साइबर ठगी के शिकार ग्रामीण को मिली बड़ी राहत, बीजपुर पुलिस ने वापस कराए 5300 रुपये

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – विजय सोनी
बीजपुर(सोनभद्र)। साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने तत्परता और प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक ग्रामीण की पूरी धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है तथा क्षेत्र में साइबर जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बीजपुर क्षेत्र के ग्राम नेमना निवासी चन्द्र प्रकाश पुत्र भोलानाथ के साथ अज्ञात साइबर ठग ने मोबाइल पर स्कैनर भेजकर 5300 रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना बीजपुर की साइबर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए NCRP पोर्टल पर शिकायत का परीक्षण किया। जांच के दौरान आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर संबंधित खाते में गई धनराशि को तत्काल होल्ड कराया गया।
इसके उपरांत एमआरएम (MRM) पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक को रिफंड मनी रिक्वेस्ट भेजी गई। लगातार की गई प्रभावी पैरवी और तकनीकी कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित की सम्पूर्ण 5300 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक उसके मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर चन्द्र प्रकाश ने बीजपुर पुलिस एवं साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा किया ।
धनराशि वापस कराने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह
उपनिरीक्षक कमलाकान्त पाण्डेय
कांस्टेबल सरोज अमितकुमार श्रीकृष्ण, साइबर हेल्प डेस्क
महिला कांस्टेबल निहारिका पाण्डेय शामिल रहीं ।
पुलिस ने नागरिकों से अपील किया है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, नजदीकी थाने में सूचना दें ।।

Leave a Comment