सोन नदी ने उगला रहस्य! रेडियां घाट पर मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, दलदल में फंसी लाश से फैली सनसनी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

चोपन/सोनभद्र। सोनभद्र जनपद के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत रेडियां इलाके में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सोन नदी के किनारे स्थित एक खदान के समीप दलदली मिट्टी में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा होने की सूचना मिली। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो गया।
सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दलदली मिट्टी और पानी में शव गहराई तक फंसा होने के कारण पुलिस को शव बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः जेसीबी मशीन की सहायता से सावधानीपूर्वक शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सोन नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला का शव किसी दूसरे स्थान से तेज बहाव के साथ बहकर रेडियां घाट के समीप आ पहुंचा और दलदली मिट्टी में फंस गया। हालांकि यह केवल प्रारंभिक अनुमान है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि शव काफी दिनों पुराना प्रतीत हो रहा है। अधिक समय तक पानी में रहने और सड़-गल जाने के कारण महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों सहित पड़ोसी जिलों से दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराने की तैयारी कर रही है, ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कोई इसे दुर्घटना बता रहा था तो कोई हत्या के बाद शव को नदी में फेंके जाने की आशंका जता रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और कहा है कि बिना जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
चोपन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। साथ ही शव की पहचान कराने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। यदि किसी थाने में दर्ज गुमशुदगी से शव का मिलान होता है तो मामले की गुत्थी जल्द सुलझ सकती है।
फिलहाल इस रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके में दहशत और कौतूहल का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही इस सनसनीखेज मामले से पर्दा उठने की उम्मीद जताई जा रहीं है।

Leave a Comment