तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हुए शातिर बदमाश को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब तीन महीने तक चली पड़ताल, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी को दबोचते हुए उसके कब्जे से चेन बेचकर प्राप्त ₹42,170 नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 की सुबह डाला निवासी प्रभा देवी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान वीरवल के घर के पास बाइक सवार एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और तेज रफ्तार से फरार हो गया। महिला के शोर मचाने के बावजूद सुबह का समय होने के कारण तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर चोपन थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास के साक्ष्य जुटाए, संदिग्धों से पूछताछ की और लगातार निगरानी रखी। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि मामले का वांछित आरोपी रॉबर्ट्सगंज कचहरी चौक के पास मौजूद है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर खुर्शीद आलम उर्फ कोर्शीद आलम (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन बेचकर प्राप्त ₹42,170 नकद बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत निरुद्ध किया गया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले भी चोरी, माल बरामदगी और गैंगस्टर अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से चोरी और स्नैचिंग जैसी घटनाओं में सक्रिय रहा है।
इस कार्रवाई को चोपन पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। लगातार प्रयास और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने न केवल चर्चित चेन स्नैचिंग की घटना का पर्दाफाश किया, बल्कि पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की दिशा में भी अहम कदम उठाया। क्षेत्र के लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




