तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – इब्राहिम खान
शिवाजी तालाब के सातों घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना
छठ गीतों और दीपों से भक्तिमय हुआ तालाब परिसर, भव्य गंगा आरती में उमड़े श्रद्धालु
दुद्धी (सोनभद्र)। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को दुद्धी के शिवाजी तालाब सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों और नदी घाटों पर श्रद्धा एवं भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठ व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान शिवाजी तालाब के सातों घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

शिवाजी तालाब स्थित गंगा, यमुना, सरस्वती, कावेरी, नर्मदा, वरुणा और ब्रह्मपुत्र घाटों पर शाम चार बजे से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। घाटों पर बनाई गई वेदियों को फूल-मालाओं और दीपों से सजाया गया था। व्रती महिलाओं ने दउरी और सूप में फल, ठेकुआ, घी के दीप सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां सजाकर रखीं। शाम करीब 5:05 बजे परिजनों और पुरोहितों की उपस्थिति में अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया गया। इस दौरान छठ गीतों की मधुर धुन और दीपों की रोशनी से पूरा तालाब परिसर भक्तिमय हो उठा।

शिवाजी तालाब के सभी सातों घाटों पर करीब पांच हजार श्रद्धालुओं और उनके परिजनों की भीड़ रही। घाट परिसर स्थित मंदिरों में भी दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। शाम करीब 5:24 बजे पूजा के उपरांत भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने शामिल होकर आरती की। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और लोक मंगल की कामना की।

छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एडिशनल एसपी ऋषभ जी सीओ दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी, प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी संजय सिंह, महिला थाना प्रभारी संतु सरोज सहित पुलिसकर्मी लगातार घाटों पर भ्रमणशील रहे। वहीं, घाटों पर व्यवस्थाएं संभालने में जय बजरंग अखाड़ा समिति और श्रीरामलीला कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सराहनीय सहयोग किया। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार आवश्यक सूचनाएं भी दी जाती रहीं।
इस मौके पर जय बजरंग अखाड़ा समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल, महामंत्री दीपक शाह, श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता, रामपाल जौहरी, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, अविनाश गुप्ता, सुनील जायसवाल, पंकज अग्रहरि, राकेश उर्फ बड़का और कृपाशंकर अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं समाजसेवी मौजूद रहे।






