बीजपुर बाजार के श्रीराम चौक पर छह माह से पसरा अंधेरा मरम्मत के नाम पर उतारी गई हाईमास्ट लाइट नहीं लगी वापस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र)। स्थानीय बाजार स्थित श्रीराम चौक पर लगाई गई हाईमास्ट लाइट पिछले छह महीने से नदारद होने के कारण पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसरा हुआ है। मरम्मत के नाम पर उतारी गई लाइट के अब तक वापस न लगने से स्थानीय व्यवसायियों और राहगीरों में भारी रोष व्याप्त है।जानकारी के अनुसार करीब तीन वर्ष पूर्व ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गौड़ ने स्थानीय व्यवसायियों की सुविधा और बाजार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रीराम चौक पर हाईमास्ट लाइट लगवाई थी।लाइट लगने के बाद शाम होते ही पूरा बाजार क्षेत्र दूधिया रोशनी से जगमगा उठता था, जिससे देर रात तक ग्राहकों की आवाजाही सुगम बनी रहती थी और व्यापारियों में भी सुरक्षा का भाव था।व्यवसायियों ने बताया कि करीब छह महीने पहले तकनीकी खराबी के कारण यह हाईमास्ट लाइट बंद हो गई थी।इस संबंध में जब स्थानीय व्यापारियों ने ब्लॉक प्रमुख से शिकायत की तो संबंधित कर्मचारियों द्वारा लाइट को मरम्मत कराने के उद्देश्य से पोल से उतार लिया गया।लेकिन विडंबना यह है कि छह माह का लंबा समय बीत जाने के बावजूद आज तक न तो वह लाइट ठीक होकर वापस लगी और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई।लाइट न होने के कारण शाम ढलते ही श्रीराम चौक और आसपास के बाजार में घना अंधेरा छा जाता है।अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी या किसी अप्रिय घटना की आशंका से व्यापारी सहमे हुए हैं।रात के समय राहगीरों को भी आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यवसायियों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द हाईमास्ट लाइट को दुरुस्त कराकर पुनः लगवाने की मांग की है।इस बाबत ब्लाक प्रमुख मान सिंह गौड़ ने बताया कि लाइट खराब होने के बाद रिपेयर कराने के लिए गयी थी लेकिन वो रिपेयर नही हो पायी जल्द ही नई लाइट लगवाई जाएगी।

Leave a Comment