तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –
कान.दे/ब्यूरो महेंद्र राज शुक्ल
कानपुर-झांसी हाईवे पर माती चौराहे के पास तेज रफ्तार बस में डंपर ने टक्कर मार दी,जिससे अनियंत्रित होकर बस पलट गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बस में सवार 11 यात्रियों को बस की खिड़की के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। हालांकि घटना में सभी यात्री बाल-बाल बच गए जबकि डंपर चालक वाहन समेत भाग गया। हंस ट्रैवल्स की 30 सीटर एसी बस मंगलवार रात कानपुर से 11 सवारियों को लेकर इंदौर के लिए निकली थी। कानपुर-झांसी हाईवे पर माती चौराहे के समीप तेज रफ्तार बस को डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार मच गई। वहीं तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों के साथ ही राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। इससे हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही जिलास्तरीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बस खिड़की का शीशा तोड़कर बस में सवार उन्नाव निवासी प्रदीप पांडेय, सक्षम पांडेय, इंदौर निवासी गोपाल, सुदीप, गाजीपुर निवासी सत्यप्रकाश के साथ ही मुंबई निवासी नसीम, तबस्सुम, आसमां व आसिया को बाहर निकाला। हालांकि बस में सवार यात्री बाल बाल बच गए। बस चालक राजेश व परिचालक रवि ने बताया कि कानपुर से 9 बजे के करीब बस निकली थी। माती चौराहे पर पहुंचने के दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। उन्होंने बताया कि घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। सभी को बस से सुरक्षित निकाल लिया गया। चौकी इंचार्ज अनुराग पांडेय ने बताया कि बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। कोतवाल विनोद मिश्रा ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इसके साथ ही यातायात सुचारु किया गया।






