तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – इब्राहिम खान
दुद्धि – सोनभद्र
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा वर्ष 2006 में शुरू किये गए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रसवपूर्व जाँच 9 महीने की गर्भावस्था के प्रतीक के तौर पर हर महीने की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं को समर्पित किया गया है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान भारत सरकार की इस योजना के तहत विशेषज्ञ चिकित्साधिकारियों द्वारा सभी गर्भवती महिलाओं को व्यापक और गुणवत्तायुक्त प्रसव पूर्व देखभाल प्रदान करना सुनिश्चित किया गया है। इस दौरान गर्भवती का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, कुपोषण, यूरिन, एड्स, अल्ट्रासाउंड आदि जांचें निःशुल्क की जाती है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ नेम सिंह के कुशल निर्देशन में अभियान के मद्देनजर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 9 अक्टूबर दिन शनिवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन केंद्र अधीक्षक डॉ गिरधारी लाल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बीएचयू की स्कॉलर रहीं महिला चिकित्सक डॉ दीप्ति सिंह के नाम पर महिलाओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
डॉक्टर दीप्ति सिंह सहित डॉ संजीव कुमार व डॉ गौरव सिंह द्वारा भारी संख्या में उमड़ी गर्भवती महिलाओं का हेल्थ चेकअप किया जा रहा है। चेकअप के दौरान जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को उनके घर से सीएससी दुद्धी तक आने-जाने हेतु 102 एंबुलेंस के माध्यम से निशुल्क व्यवस्था, फ्री अल्ट्रासाउंड, रक्तअल्पता की शिकार महिलाओं को आयरन सुक्रोज का इंजेक्शन, ज्यादा एनीमिक मरीज को फ्री में ब्लड चढ़ाना, निशुल्क खून व एड्स जांच आदि सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। अस्पताल में आने वाली हर गर्भवती महिला को बतौर खास मेहमान देखते हुए उन्हें फल वगैरा भी वितरित किया जा रहा है।
अभियान में नर्स मेंटर श्रीमती रुचि रानी ने गर्भवती महिलाओं की पेट जांच, सीएचओ विनीता व उपासना ने रजिस्ट्रेशन व बीपी चेकअप, सीताराम व संजय कुमार एलटी ने खून जांच, लक्ष्मण (आईसीटीसी) एचआईवी जांच, महेंद्र यादव फार्मासिस्ट ने दवा वितरण व संदीप सिंह (बीपीएम) ने संपूर्ण गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने एवं जलपान आदि की व्यवस्था में अपना योगदान कर रहे हैं।





