जूनियर हाईस्कूल की जमीन पर गांव के ही दबंग किस्म के एक व्यक्ति ने वर्षों से कब्जा।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – प्रदीप दुबे

गाजीपुर। विकास खण्ड सादात के ग्राम पंचायत पट्टी गरीब उर्फ मई स्थित जूनियर हाईस्कूल की जमीन पर गांव के ही दबंग किस्म के एक व्यक्ति ने वर्षों से कब्जा कर रखा है। इसे लेकर ग्रामवासियों ने अनेक बार ब्लाक से लेकर तहसील व जनपद स्तरीय अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इस मामले को लेकर ग्रामवासी सुनील सिंह ने एक बार पुनः जिलाधिकारी से मिलकर कब्जा हटवाने की मांग की है। डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने नापी कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामवासियों का आरोप है कि सैदपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पट्टी गरीब स्थित आराजी संख्या 298 जूनियर हाईस्कूल की जमीन है। इस पर करीब 15 वर्षों से गांव के ही एक दबंग किस्म के व्यक्ति संजय सिंह का अवैध कब्जा है। करीब आठ विस्वा जमीन पर बाउंड्री और बोरिंग आदि के माध्यम से किये गए अवैध कब्जा को ध्वस्त कराकर इसे विद्यालय को सुपुर्द किये जाने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल समेत तहसील स्तरीय अधिकारियों पर हीलाहवाली का आरोप भी लगाया। बीते दिनों जिलाधिकारी ने उपरोक्त भूमि की पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटवाने का आश्वासन तो दिया, परन्तु करीब सप्ताह भर बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले को गम्भीरता से लेते हुए तत्काल उचित कार्रवाई किया जाय।

Leave a Comment