तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – विष्णु गुप्ता / बीके आचार्या
रेनूकूट – सोनभद्र
हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड हमेशा से अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहता है। साथ ही रोजगारपरक प्रशिक्षण देने हेतु सैदव उन्मुख है। इसी क्रम में हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग एवं हिण्डाल्को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के संयुक्त तत्वावधान में राजमिस्त्री का प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके 13 प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र वितरित किये गए जिन्हें पूर्व प्रशिक्षुओं की भांति नियमानुसार कंपनी में समायोजित किया जाएगा।

गौरतलब है कि बुधवार को हिण्डाल्को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में मेसन (राजमिस्त्री) प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 13 प्रशिक्षुओं को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह व हिण्डाल्को के मुखिया एन. नागेश ने प्रमाणपत्र के साथ टूल किट भी प्रदान किया। साथ ही उन्हें बधाई दी तथा उनके सुनहरे भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एसपी डॉक्टर यशवीर सिंह ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में पढ़ाई के साथ स्किल्स का होना बहुत जरूरी है। स्किल वह धन है जिसे कोई आपसे छीन नहीं सकता। किसी भी एक स्किल में पारंगत होने पर आपके लिए अवसरों की भरमार हो जाती है तथा एक ही संस्थान तक सीमित नहीं रहना पड़ता। वहीं श्री नागेश ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नवयुवकों को स्वावलंबी बनाना है एवं आसपास के बेरोजगार जरूरतमंद नवयुवकों को रोजगार प्रशिक्षण देकर उन्हें आजीविका से जोड़ने का प्रयास करना है जिसमें हिण्डाल्को हमेशा तत्पर रहता है।

वहीं हिण्डाल्को सीएसआर के प्रमुख श्री अविजीत कुमार ने कहा कि आगे भी बाजार की जरूरतों के मुताबिक नवयुवकों को प्लंबर, फिटर, बढ़ई आदि स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस बैच के समाप्त होने के बाद अब कारपेंटर (बढ़ईगिरी) प्रशिक्षण हेतु भी नया बैच शुरु किया जा रहा है जिसमें आज के दिन तक 16 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। जल्द ही इन लोगों की ट्रेनिंग भी शुरु कर दी जाएगी। हिण्डाल्को प्रजेक्ट्स विभाग के प्रमुख विनोद ठाकुर व पब्लिसिटी विभाग के यशवंत कुमार, सुरक्षा विभाग के प्रमुख कर्नल संदीप खन्ना, हिण्डाल्को ट्रेनिंग सेंटर के प्रमुख हेमराज व अन्य अधिकारी मौजूद रहे जिन्होंने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया एवं सदैव आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया । इस अवसर पर सुरक्षा विभाग के धीरेंद्र राठौर, राहुल सिंह, पब्लिसिटी विभाग के प्रशान्त श्रीवास्तव मौजूद रहे।







