गूगल मैप की गलत लोकेशन से देवरिया में ट्रालर दुर्घटना, सेमरा पुल पर बड़ा हादसा टला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –

देवरिया के मदनपुर क्षेत्र में गूगल मैप की गलत लोकेशन के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चित्रकूट से सड़क निर्माण के लिए बजरी लेकर सोनूघाट जा रहा एक ट्रालर सेमरा पुल के पास संकरे बांध पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गूगल मैप द्वारा दिखाए गए गलत रास्ते के कारण ट्रालर फिसल गया, लेकिन चालकों की सतर्कता और कम गति के चलते बड़ा नुकसान टल गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गूगल मैप की गलत दिशा-निर्देशों से होने वाली दुर्घटनाओं ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
घटना गुरुवार रात की है, जब तीन ट्रालर चालक—रजनीश, कैलाश और प्रियांक—चित्रकूट से बजरी लेकर सोनूघाट की ओर जा रहे थे। चालकों ने गूगल मैप पर भरोसा करते हुए बड़हलगंज से आगे का रास्ता चुना। गूगल ने उन्हें सेमरा पुल से होकर जाने का मार्ग दिखाया, जो गोरखपुर जनपद की सीमा में सेमरा-नवलपुर बांध से जुड़ा था। इस बांध का रास्ता बेहद संकरा था, और जैसे ही रजनीश का ट्रालर इस पर पहुंचा, वह फिसलने लगा। कम गति और किनारे पर लगे पेड़ों की वजह से ट्रालर गहरी खाई में गिरने से बच गया।
पीछे आ रहे चालकों ने तुरंत अपने वाहन रोक लिए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया, जिसे शुक्रवार सुबह क्रेन की मदद से ट्रालर को निकालकर बहाल किया गया। स्थानीय लोगों और चालकों ने गूगल मैप की गलत लोकेशन की शिकायत की, क्योंकि इससे पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

Leave a Comment