तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर जिले का प्रशासनिक महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के उपलक्ष्य में सोनभद्र में मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना जताई जा रही है। इसको लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिले के अधिकारी लगातार स्थल निरीक्षण कर रहे हैं।गुरुवार को समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा ओबरा विधायक संजीव गौड़ ने जिलाधिकारी सोनभद्र के साथ संभावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यक्रम से जुड़े सभी बिंदुओं सभा स्थल, हेलीपैड और पार्किंग व्यवस्था का स्थलीय जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम ओबरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चोपन रेलवे खेल मैदान में प्रस्तावित है। वहीं पास स्थित रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज परिसर में हेलीपैड निर्माण की तैयारी की जा रही है।अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा तय होता है, तो यह पहली बार होगा जब वे सोनभद्र जिले के चोपन क्षेत्र में किसी बड़े जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय प्रशासन व पुलिस विभाग ने भी विशेष सुरक्षा और प्रबंधन योजनाओं पर काम शुरू कर दिया है।विशेष बात यह भी है कि उत्तर प्रदेश सरकार में जनजातीय समाज से आने वाले एकमात्र मंत्री संजीव गौड़ इसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके प्रयासों से मुख्यमंत्री योगी का यह दौरा जिले के जनजातीय समाज के लिए एक ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है।15 नवंबर को प्रस्तावित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान से जुड़ी कई योजनाओं की घोषणाएं होने की भी उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल बिजली व्यवस्था, मंच निर्माण, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के मद्देनज़र विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।






