हाईटेंशन तार की चपेट में आने से आठ मवेशियों की मौत एक व्यक्ति गंभीर झुलसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

रॉबर्ट्सगंज। कोतवाली क्षेत्र के पड़ी खुर्द गांव में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव के बाहर खेतों के पास से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से आठ मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान पास में मौजूद गांव के ही सोमारु यादव भी बिजली की चपेट में गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। मवेशियों की मौत से व्यथित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विभागीय लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन में कई दिनों से स्पार्किंग हो रही थी, जिसकी शिकायत देने के बावजूद विभाग के कर्मचारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।सूचना मिलते ही सदर विधायक भूपेश चौबे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायल व्यक्ति को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए तथा मृत मवेशियों के नुकसान का समुचित मुआवजा दिया जाए।इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। घटनास्थल पर देर शाम तक भारी संख्या में लोग एकत्र रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति नियंत्रण में रखने की कोशिश की और शवों को ग्रामीणों की सहमति से दफनाने की प्रक्रिया पूरी कराई।

Leave a Comment