बुलडोजर अभियान, मीना बाजार मुख्य मार्ग किनारे से हटाया गया अतिक्रमण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र मारकुंडी चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी मीनाबाजार मुख्य मार्ग पर वर्षों से चल रहे अतिक्रमणों के विरुद्ध शुक्रवार को पुलिस प्रशासन और विभागीय अमले ने संयुक्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुरू हुई इस कार्रवाई में पीडब्ल्यूडी, चकबंदी विभाग, राजस्व विभाग समेत कई अधिकारियों की उपस्थित में दर्जनों लोगों ने सड़क किनारे बने अपने अस्थायी ढांचे स्वयं हटा लिए।मिली जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में सड़क के दोनों पटरियों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने का नोटिस सार्वजनिक सूचना के माध्यम से जारी किया गया था। चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित दूरी के भीतर आने वाले सभी प्रतिष्ठान, मकान, ठेले, टीनशेड, गोमती और झोपड़ियां स्वयं हटा ली जाएं, अन्यथा प्रशासनिक स्तर पर उन्हें जबरन ध्वस्त कर दिया जाएगा।शुक्रवार सुबह से ही प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मीनाबाजार मार्ग पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस की मौजूदगी में करीब दर्जन भर से अधिक गोमती और झोपड़ियों को स्वयं लोगों ने हटाया, जबकि कुछ ढांचों को पीडब्ल्यूडी और स्थानीय प्रशासन ने हटवाया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो इसके लिए पुलिस बल तैनात रहा।गुरमा पुलिस चौकी प्रभारी योगेंद्र पाण्डेय ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर यह अभियान चलाया जा रहा है ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हो और यातायात सुगम बनाया जा सके। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से अपील की कि वे भविष्य में सड़क किनारे अवैध निर्माण न करें और जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें।इस मौके पर पीडब्ल्यूडी के जेई रवि मौर्या, चकबंदी विभाग के लेखपाल मनोज पाण्डेय, राजीव मिश्रा, सतेंद्र यादव, गुलशन सरोज, धीरेंद्र यादव, बृजेश यादव, छोटे, शुभम गुप्ता समेत कई विभागीय कर्मचारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में पूरे क्षेत्र में ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा।

Leave a Comment