लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ और संगोष्ठी का भव्य आयोजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र ओबरा अखंड भारत के शिल्पकार और देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर पंचायत ओबरा द्वारा एक प्रेरणादायक संगोष्ठी एवं “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगरभर में देशभक्ति और एकता का अनुपम माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम की शुरुआत ओबरा के चिल्ड्रन पार्क से हुई। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने सरदार पटेल के जीवन दर्शन, उनके नेतृत्व और भारत के एकीकरण में निभाई गई उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरदार पटेल ने न केवल भारत को स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में आकार दिया, बल्कि उसे एकता और अखंडता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया। उनके विचार आज भी प्रशासनिक तंत्र और राष्ट्रीय चरित्र के लिए प्रेरणा दायक हैं।संगोष्ठी के उपरांत “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के सैकड़ों नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दौड़ का शुभारंभ चिल्ड्रन पार्क से हुआ और यह क्लब एरिया, नगर पंचायत कार्यालय, मुख्य बाजार होते हुए सीओ कार्यालय तक संपन्न हुई। दौड़ में नगर पंचायत के सभी स्वच्छता कर्मी, सफाई नायक, डोर-टू-डोर कलेक्शन में कार्यरत मातृ शक्तियां तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता राम निवास तोमर सहित कई नगर कर्मियों ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया।रन फॉर यूनिटी के दौरान प्रतिभागियों ने “एक भारत – श्रेष्ठ भारत”, “जय अखंड भारत” और “जय सरदार पटेल” जैसे नारों से समूचे नगर का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग दिया। नगरवासियों ने जगह-जगह फूल वर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल ने प्रतिभागियों को सरदार पटेल के आदर्शों का अनुसरण करने और एक सशक्त, स्वच्छ व एकजुट भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की विचार धारा हमें राष्ट्रहित को सर्वोच्च रखने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देती है।जयंती समारोह का समापन “जय अखंड भारत, जय सरदार पटेल” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। पूरे नगर में एकता, समर्पण और राष्ट्रीय गर्व का उत्साह व्याप्त रहा। इस मौके पर नगर पंचायत परिवार के सभी कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने नगर में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकजुटता की नई मिसाल पेश की।

Leave a Comment