तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र थाना करमा 31 अक्तूबर।जनपद सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को थाना करमा का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण पुलिस व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अनुशासन की स्थिति की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया था। इस दौरान थाना परिसर एवं उससे संबंधित विभिन्न इकाइयों का बारीकी से परीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना भवन, अभिलेख कक्ष, हवालात, कंप्यूटर कक्ष, मेस, पुलिस बैरक, महिला हेल्पडेस्क, मालखाना और शस्त्रागार की स्थिति देखी। सभी विभागों के अभिलेखों की जांच करते हुए उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभिलेखों का रखरखाव अद्यतन एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए। उन्होंने थाना परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और कानून-व्यवस्था के अनुरूप बनाए रखने पर बल दिया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध रूप से होना चाहिए और प्रत्येक शिकायत कर्ता को संतोष जनक समाधान मिले। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, विवेचकों को सक्रिय रखने तथा जांच कार्यों में विलंब होने पर उत्तरदायित्व तय करने की बात कही।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि वांछित अभियुक्तों, सक्रिय अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए निरंतर अभियान चलाया जाए। साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी तथा नक्सली गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण बनाए रखा जाए। उन्होंने पुलिस टीमों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर पेट्रोलिंग और कॉम्बिंग ऑपरेशन हों, ताकि असामाजिक तत्वों को सक्रिय होने का कोई अवसर न मिले।निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया और मौके पर पीआरवी वाहनों की चेकिंग कर उनकी स्थिति व उत्तरदायित्व की जानकारी ली। उन्होंने वाहन चालकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता, विनम्रता और संवेदनशील व्यवहार के साथ ड्यूटी करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने कर्तव्यों का निष्पादन पूरी जिम्मेदारी से करना चाहिए।पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था या जनसुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थाने पर साफ-सफाई, अनुशासन, रिकॉर्ड की गोपनीयता और पुलिस-जन संवाद को प्राथमिकता देने की बात कही। निरीक्षण के दौरान थाने के सभी स्टाफ उपस्थित रहे।






