वार्ड 16 में रोड और नाली की जमीन पर अवैध निर्माण पीड़ितों को मिल रही धमकियां नगर प्रशासन की चुप्पी से बढ़ा दबंगों का हौसला आवागमन हुआ बाधित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। नगर पालिका परिषद राबर्ट्सगंज के वार्ड नंबर 16 बभनौली में अवैध तरीके से रोड और नाली की जमीन पर नए मकानों का निर्माण कराए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है। बताया जा रहा है कि कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों द्वारा जबरन कब्जा करते हुए निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते पीछे लिंक रोड से बने मकानों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।क्षेत्रवासियों के अनुसार, निर्माणाधीन मकान से सटे आरसीसी रोड के पश्चिम दिशा में कच्ची लिंक रोड है, जिसके दोनों ओर कई मकान बने हुए हैं। लेकिन फ्रंट हिस्से में अवैध तरीके से नाली और रोड की जमीन पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे दर्जनों परिवारों का आवागमन ठप पड़ गया है। लोगों का कहना है कि यदि यह निर्माण पूर्ण हो गया तो भविष्य में किसी भी वाहन का उस मार्ग से गुजरना असंभव हो जाएगा। इतना ही नहीं, निर्माण करने वालों द्वारा दोनों ओर चार से पांच फीट लंबा बारजा निकाल दिया गया है, जिससे आगे बड़ी गाड़ी निकलना तो दूर, लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाएगा।इस मामले को लेकर पीड़ित राहुल कुमार जायसवाल पुत्र मंगरु प्रसाद निवासी वार्ड 16, बभनौली ने नगर पालिका परिषद राबर्ट्सगंज को कई बार शिकायतें दीं। प्रथम शिकायत 31 मई 2025 को और दूसरी 20 जून 2025 को दी गई, जबकि 26 जून 2025 को उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने उपजिलाधिकारी, सोनभद्र से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कराने की गुहार लगाई है।पीड़ित की शिकायत पर जब क्षेत्र के लेखपाल से बात की गई तो उन्होंने भी स्वीकार किया कि सविता सिंह पत्नी मिसिला सिंह द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में अनियमितता है और आरोप सही हैं। यही नहीं, नगर पालिका परिषद के अतिक्रमण प्रभारी द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण में भी यह निष्कर्ष सामने आया कि निर्माण कार्य सड़क की ओर बढ़ा हुआ है, जिससे आवागमन बाधित होने की संभावना है।नगर पालिका द्वारा अवैध निर्माण को रोकने के लिए नोटिस देने या कार्रवाई करने के बजाय अब तक चुप्पी साध ली गई है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों की यह चुप्पी दबंगों के हौसले को और बढ़ा रही है।पीड़ित राहुल जायसवाल एवं अन्य प्रभावित मकान मालिकों का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो वे नगर पालिका कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति यथावत रही और किसी भी प्रकार का नुकसान या विवाद हुआ तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों की होगी।

Leave a Comment