तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। थाना ओबरा पुलिस की सतर्कता और मिशन शक्ति केंद्र की तत्पर कार्यवाही एक बार फिर आम लोगों के लिए मिसाल बनी है। शनिवार की देर रात थाना क्षेत्र के परियोजना अस्पताल के पास एक युवती के भटकने की सूचना प्राप्त होते ही ओबरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।जानकारी के अनुसार, मिशन शक्ति केंद्र ओबरा में तैनात अधिकारियों को 8/9 नवंबर की रात सूचना मिली कि एक युवती परियोजना अस्पताल के पास इधर-उधर भटक रही है। सूचना मिलते ही थाना ओबरा प्रभारी निरीक्षक के दिशा-निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां पर युवती की पहचान अनीषा यादव (पुत्री सकुर यादव), निवासी गुरुड़ पनारी, थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र, उम्र लगभग 19 वर्ष के रूप में हुई।पुलिस टीम द्वारा पूछताछ में युवती ने बताया कि वह किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गई थी और अनजाने में परियोजना अस्पताल क्षेत्र तक पहुंच गई थी। पुलिस ने महिला आरक्षी सुनीला पटेल को साथ लेकर युवती को PRV-5286 के माध्यम से मिशन शक्ति केंद्र पहुंचाया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के दौरान पुलिस ने युवती को समझाया-बुझाया और विश्वास दिलाया कि वह सुरक्षित है।शांत होने के बाद युवती को पुलिस टीम द्वारा उसके घर गुरुड़ पनारी गांव ले जाकर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान बालिका के परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं, परियोजना अस्पताल के कर्मचारियों व स्थानीय लोगों ने भी ओबरा पुलिस की तत्परता व संवेदनशील रवैये की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का यह कदम मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है।थाना ओबरा पुलिस की इस मानवीय और संवेदनशील पहल से एक बार फिर समाज में पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।






