तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र (रेणुकूट), 8 नवंबर 2025।हिण्डालको द्वारा संचालित हिण्डालको प्राइमरी स्कूल यूनिट-3 में शनिवार को वार्षिक खेल दिवस 2025-26 का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक मार्च पास्ट के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अनुशासन और एकता का सुंदर प्रदर्शन किया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और पूरे परिसर में जोश और उमंग का वातावरण व्याप्त हो गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में हिण्डालको मोरंजनालय के वेद प्रकाश एवं प्रमोद तिवारी, हिण्डालको ब्वायलर को-जनरेशन के अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी रवि सिंह तथा नेविगेटिंग ऑफिसर प्रवीण श्रीवास्तव उपस्थित रहे। मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।खेलकूद प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने दौड़, कबड्डी, खो-खो, साइकिल रेस, रस्साकशी सहित अनेक खेलों में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे दिन चले प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों में जीतने का जोश और टीम भावना देखने योग्य रही। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।प्रधानाध्यापिका श्रीमती तनुश्री दत्ता पॉल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास को भी विकसित करते हैं।कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं अभिभावकों की विशेष उपस्थिति रही। विद्यालय परिसर में बच्चों की हंसी, दौड़ और तालियों की गूंज ने पूरे वातावरण को उल्लासमयी बना दिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ वार्षिक खेल दिवस का सफल समापन हुआ। पूरे विद्यालय ने इस आयोजन को खेल भावना और सामूहिक उत्साह के साथ यादगार बना दिया।






