तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – कन्हैयालाल
नगवा / सोनभद्र
रायपुर थाना प्रभारी रामस्वरूप वर्मा व पुलिस बल ने एक बार फिर बेहतरीन कार्रवाई का परिचय देते हुए 5000 रुपये के इनामिया पशु तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के गंभीर मामलों में वांछित शिवाजी निषाद उर्फ कर्नल, जो लंबे समय से फरार चल रहा था, आखिरकार पुलिस की पकड़ में आ गया।
थाना रायपुर पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 145/2025 के तहत आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा द्वारा अभियुक्त पर 5000 रुपये का पुरस्कार घोषित किए जाने के बाद उसकी गिरफ्तारी को लेकर अभियान और तेज कर दिया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
दिनांक 05 दिसंबर 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी अपने घर के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना रायपुर की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गांव में घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर के सामने से दबोच लिया। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी किसी भी प्रकार की भागदौड़ नहीं कर सका और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और उसके द्वारा पूर्व में की गई पशु तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी जांच आगे बढ़ेगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से पशु तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर और भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण नाम: शिवाजी निषाद उर्फ कर्नल पिता का नाम: प्रभाकर उर्फ दिवाकर निषाद
निवासी: ग्राम कुचमरवा (ककराही), थाना करमा, जिला सोनभद्र
उम्र: लगभग 33 वर्ष
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा, थाना रायपुर. का0 मुकेश कुमार, थाना रायपुर का0 अखिलेश कुमार, थाना रायपुर
रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साबित कर दिया है कि अवैध पशु तस्करी में लिप्त अपराधियों पर अब सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की यह सफलता जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।






