तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र/डाला। बेलहत्थी गांव में सोमवार को उस समय मातम पसर गया, जब नहाने गई 14 वर्षीय किशोरी जानकी की अचानक डूबकर मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार जानकी घर के पास स्थित नाले में रोज की तरह नहाने गई थी, तभी अचानक उसे तेज मिर्गी का दौरा पड़ा और वह संतुलन खोकर पानी में जा गिरी।
देखते ही देखते किशोरी नाले के तेज बहाव में फंस गई और कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर हाथीनाला थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने पुष्टि की कि मृतका जानकी को पहले से मिर्गी की बीमारी थी और हादसा पूर्णतः एक दुर्भाग्यपूर्ण संयोग है। किसी भी तरह की अनहोनी या संदिग्ध परिस्थिति के संकेत नहीं मिले हैं।
जानकी की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन बेसुध हैं और पड़ोसी परिवार को सांत्वना देने में लगे हुए हैं। शांत स्वभाव की जानकी की अचानक मौत से गांव के लोग गहरे सदमे में हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना को बेहद हृदयविदारक बताया और खुले नालों के किनारे सुरक्षा व्यवस्था की मांग उठाई है। प्रशासन ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।






