घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का उठाया फायदा, लगातार वारदातों से नगर में दहशत

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

दुद्धी/सोनभद्र।नगर पंचायत दुद्धी के रामनगर वार्ड नंबर–10 स्थित मुख्य मार्ग पर बीती 19/20 दिसंबर की रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पूरे कस्बे में सनसनी फैला दी। घनी आबादी के बीच स्थित सीखा अलंकार ज्वेलर्स का शटर तोड़कर चोर करीब तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण समेट ले गए। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का फायदा उठाकर चोर पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।
शनिवार की अल सुबह जब मोहल्ले के लोग रोज की तरह टहलने के लिए बाहर निकले तो उन्होंने ज्वेलरी शॉप का शटर संदिग्ध अवस्था में खुला देखा। यह दृश्य देखकर लोगों ने तत्काल दुकान मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दुकानदार ने जब दुकान के भीतर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए—शटर का ताला टूटा हुआ था और अंदर की अलमारियां खुली पड़ी थीं, सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित दुकानदार ने बिना देर किए डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के साथ दुद्धी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए जांच शुरू कर दी गई है।स्थानीय लोगों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। महज एक सप्ताह पहले इसी इलाके में करीब 200 मीटर की दूरी पर एक घर का ताला तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के गहनों की चोरी की गई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने नगरवासियों के मन में भय और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है।नगरवासियों का आरोप है कि जब दुद्धी कस्बे में थाना स्थित था, तब रात्रि में पुलिस वाहन और पैदल गश्त नियमित रूप से होती थी, जिससे अपराधियों में भय बना रहता था। लेकिन थाना रजखड़ गांव स्थानांतरित होने के बाद रात्रि पैदल गश्त लगभग बंद हो गई है। इसी का फायदा उठाकर चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं और वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का दावा है कि दुद्धी कस्बे में अब तक एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले में ठोस खुलासा या चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल, दुद्धी कस्बे में बढ़ती चोरी की घटनाएं और अपराधियों की गिरफ्तारी न होना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, जबकि आम जनता रातों की नींद खोकर सुरक्षा की गुहार लगा रही है।

Leave a Comment