तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र करमा थाना क्षेत्र के बहेरा गांव में स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर परिसर में कथित तौर पर गैर-हिंदू समुदाय के कुछ युवकों द्वारा पेशाब करने और आपत्तिजनक नारेबाजी किए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया और हालात को नियंत्रण में लेने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह उस समय उजागर हुई जब ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में चार से पांच युवकों द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक कृत्य किए जाने की सूचना दी। खबर फैलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हालात की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनिल कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी नाबालिग हैं। उनसे किशोर न्याय अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कुल पांच युवक शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें से दो की तलाश जारी है।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया। कुछ ही समय में अपर जिलाधिकारी रोहित यादव, एएसपी अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पांडेय, तहसीलदार अमित कुमार सिंह सहित कई थानों की पुलिस फोर्स और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि यह शिव मंदिर दशकों पुराना आस्था का केंद्र है और गांव के लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले मंदिर इसी स्थल से कुछ दूरी पर तालाब के पास स्थित था, लेकिन वहां असामाजिक और अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें लगातार सामने आने के कारण ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और चंदे से आबादी के बीच नया शिव मंदिर बनवाया था, ताकि मंदिर की सुरक्षा और पवित्रता बनी रहे।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी अनिल कुमार ने कहा कि गांव और मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
पुलिस और प्रशासन ने सभी समुदायों से संयम बरतने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं निर्दोष लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।






