अमरेश तिवारी की पहल पर एनटीपीसी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच बनी सहमति, ब्रेकर निर्माण व दिन में छह बार पानी के छिड़काव का आश्वासन ।।
तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र) शांतिनगर में राखड़ लदे हाईवा की टक्कर से गाय के घायल होने के बाद मंगलवार सुबह से जारी ग्रामीणों का जाम बुधवार दोपहर करीब एक बजे समाप्त हो गया। ग्रामीणों के विरोध के बाद मौके पर पहुंचे एनटीपीसी अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच समाजसेवी अमरेश तिवारी की पहल पर वार्ता हुई। इसमें घायल गाय के उपचार एवं क्षतिपूर्ति के लिए 40 हजार रुपये दिलाने सहित कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनी। प्रबंधन की ओर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
वार्ता में शांतिनगर में राखड़ वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए जगह-जगह ब्रेकर बनवाने पर सहमति बनी। वहीं, राखड़ परिवहन के दौरान उड़ने वाली धूल से निजात दिलाने के लिए क्षेत्र में दिन में छह बार पानी का छिड़काव कराने का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा सुबह सात से नौ बजे तक राखड़ वाहनों के आवागमन पर निर्धारित प्रतिबंध का प्रभावी ढंग से पालन कराने और वाहनों की गति नियंत्रित रखने पर भी सहमति बनी।
ग्रामीणों ने कहा कि राखड़ वाहनों की बेलगाम रफ्तार और उड़ती धूल से स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने मांग की कि वार्ता में तय बिंदुओं को गंभीरता से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों को राहत मिल सके।

वार्ता के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य केदार यादव, शिवधारी गुप्ता, उदय पाल, मानवाधिकार कार्यकर्ता धर्मेंद्र यादव सहित स्थानीय पत्रकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समाजसेवी अमरेश तिवारी ने दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर मामले के समाधान में अहम भूमिका निभाई।
जाम समाप्त होने के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि एनटीपीसी प्रबंधन सहमति के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई करेगा। अब क्षेत्रीय लोगों की नजरें ब्रेकर निर्माण, नियमित पानी के छिड़काव और राखड़ वाहनों के लिए निर्धारित नियमों के पालन पर टिकी हैं।






