खेतकटवा में अपना दल (एस) ने किया कंबल वितरण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)।रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत खेतकटवा में अपना दल (एस) के तत्वावधान में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आनन्द पटेल दयालु, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मंच ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत माता बरती देवी द्वारा की गई। मुख्य अतिथि के रूप में सत्यनारायण पटेल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्यामाचरण गिरी (वरिष्ठ नेता), जनाब महताब आलम (प्रदेश सचिव, अल्पसंख्यक मंच) उपस्थित रहे। इसके अलावा अतिथियों में जिला महासचिव सुरेंद्र प्रताप सिंह, जिला सचिव संतोष पटेल, श्याम सुंदर पटेल, वीरेंद्र सिंह पटेल, संतोष कनौजिया, तथा घोरावल विधानसभा के कोषाध्यक्ष लव कुश पटेल शामिल रहे।
मुख्य अतिथि सत्यनारायण पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि अपना दल (एस) की राष्ट्रीय नेता एवं केंद्रीय मंत्री मा. अनुप्रिया पटेल जी के हाथों को मजबूत करने के लिए आगामी पंचायत चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी के साथ खड़ा रहना होगा। उन्होंने बताया कि तेलगुडवा से कोन तक की सड़क आनन्द पटेल दयालु के संघर्ष तथा मा. अनुप्रिया पटेल जी और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मा. आशीष पटेल जी के प्रयासों से स्वीकृत हुई, जो तेरह वर्षों से लंबित थी और मात्र पाँच माह के प्रयास से निर्माण प्रारंभ हो सका।
विशिष्ट अतिथि श्यामाचरण गिरी ने कहा कि कोन क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान हेतु आनन्द पटेल दयालु लगातार संघर्षरत हैं। उन्होंने आह्वान किया कि जब भी पार्टी अवसर दे, जनता को पूरे मन से उनका साथ देना चाहिए, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने हाथ उठाकर समर्थन व्यक्त किया।
प्रदेश सचिव अल्पसंख्यक मंच महताब आलम ने कहा कि हर वर्ष ठंड के मौसम में एक हजार जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित कर राहत पहुँचाई जाती है। इस अवसर पर बुजुर्गों द्वारा आनन्द पटेल दयालु को आशीर्वाद दिया गया। कार्यक्रम में कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है, अब निर्णय जनता के हाथ में है।
जिला महासचिव सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आनन्द पटेल दयालु का जमीनी संघर्ष सभी ने देखा है, और यदि ऐसे युवाओं को अवसर मिले तो क्षेत्र का भविष्य उज्ज्वल हो सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि जब भी जनता ने आवाज दी है, वे मजबूती से उसके साथ खड़े रहे हैं और आगे भी जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
ग्राम निवासी अजय कुमार पटेल ने कहा कि यदि आनन्द पटेल दयालु चुनाव लड़ते हैं तो गांव की जनता पूरी ताकत से उनके साथ खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान नारायण पटेल, प्रधान पति उमेश भारती, विकास कुमार गौड़, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संतोष कनौजिया, जिला सचिव द्वारा किया गया।

Leave a Comment

[democracy id="1"]