जिलाधिकारी का स्कूलों का अचानक निरीक्षण,अधिवक्ताओं ने कचहरी के मुद्दे उठाए, अधिकारियों को दिए निर्देश, छात्रावास, प्रयोगशाला और हेलीपैड का भी लिया जायजा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।शनिवार को तहसील दिवस के अवसर पर दुद्धी पहुंचे जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने तहसील आवासीय परिसर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, ट्रांजिट हॉस्टल और निर्माणाधीन हेलीपैड का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कचहरी परिसर, शैक्षणिक संस्थानों और निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत कचहरी परिसर के मालखाने से हुई, जिसकी जर्जर स्थिति देखकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी हैरान रह गए। इसके बाद दुद्धी बार संघ के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे, जितेंद्र श्रीवास्तव, दिलीप पांडे सहित अन्य अधिवक्ताओं ने बाउंड्री, परिसर की व्यवस्थाओं और तहसील के सामने खाली सरकारी प्लॉट को पार्किंग के लिए उपलब्ध कराने जैसी मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना और हर संभव कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानमंत्री श्री योजना के तहत बने भवन, निर्माणाधीन इमारत, पुराने प्रयोगशाला भवन और छात्रावास का निरीक्षण किया गया। परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। बाद में भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बन रहे हेलीपैड का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि आवासीय परिसर की सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने, प्रतिदिन प्रगति की निगरानी करने तथा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रों से बातचीत कर पठन-पाठन, आवास, भोजन और शौचालय जैसी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के सुरक्षित और सहज रहने के अनुरूप ही निर्माण कार्य होने चाहिए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, कॉलेज के प्रधानाचार्य और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]