सोनभद्र में एमआरपी फेल, गुटखा-पान मसाला पर दुकानदारों की मनमानी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र: जनपद के रॉबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र में पान मसाला और गुटखा की बिक्री को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीण और शहरी इलाकों से लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं कि इन उत्पादों को दुकानों पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से कहीं अधिक दरों पर बेचा जा रहा है। कई स्थानों पर उपभोक्ताओं से दो से तीन गुना तक कीमत वसूले जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि काफी समय से बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं और वे मनमानी कीमत वसूल रहे हैं।
दूसरी ओर, कुछ छोटे व्यापारियों ने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि उन्हें थोक बाजार से ही सामान महंगे दामों पर मिल रहा है। उनका कहना है कि सप्लाई चेन में बढ़ी कीमतों के कारण वे भी अधिक दर पर बेचने को विवश हैं, वरना उन्हें घाटा उठाना पड़ेगा। हालांकि, उपभोक्ता इस तर्क से संतुष्ट नहीं हैं और इसे सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन मान रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी पैक्ड उत्पाद को उसके निर्धारित एमआरपी से अधिक मूल्य पर बेचना उपभोक्ता संरक्षण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके बावजूद यदि खुलेआम इस तरह की बिक्री हो रही है, तो यह प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करता है।
इधर, क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मूल्य पर ही सामान उपलब्ध हो, जिससे उन्हें अनावश्यक आर्थिक बोझ न झेलना पड़े।

Leave a Comment